संपूर्ण समाधान दिवस में 175 शिकायतें पहुंचीं, 24 का मौके पर निस्तारण
शेयर
संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अलग-अलग तहसीलों में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। पूरे जिले में कुल 175 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 24 मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
खलीलाबाद में 92 शिकायतें
खलीलाबाद तहसील में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना भी मौजूद रहे। यहां सबसे अधिक 92 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 10 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया गया, जबकि आठ शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच के लिए अधिकारियों की टीमें मौके पर भेजी गईं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर जांच की जाए और शिकायतकर्ता को नियमानुसार राहत दिलाई जाए। एसपी ने पुलिस से संबंधित मामलों में थाना स्तर के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
धनघटा में 34 शिकायतों की सुनवाई
धनघटा तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। यहां 34 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 10 का मौके पर समाधान किया गया। भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत और खतौनी से जुड़ी शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मेंहदावल में 49 मामले
मेंहदावल तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने शिकायतें सुनीं। यहां 49 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण हुआ। तीन मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई। अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।