मानदेय बढ़ाने को लेकर मनरेगा तकनीकी सहायकों की आवाज बुलंद, डीएम के जरिए CM को भेजा ज्ञापन
शेयर
संतकबीरनगर। मनरेगा में कार्यरत तकनीकी सहायकों ने लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी नहीं होने को लेकर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को संगठन से जुड़े तकनीकी सहायकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
तकनीकी सहायकों का कहना है कि पिछले करीब पांच वर्षों से उनके मानदेय में कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि इस दौरान महंगाई लगातार बढ़ी है। संगठन के मुताबिक, इस संबंध में शासन और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को कई बार अपनी समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक ठोस समाधान नहीं हुआ।
क्षेत्र भ्रमण में खर्च हो रहा हजारों रुपये
तकनीकी सहायकों ने बताया कि उनका काम केवल कार्यालय तक सीमित नहीं है। मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों का प्राक्कलन तैयार करने के साथ उन्हें मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण और निगरानी भी करनी होती है।
लगातार गांवों में आने-जाने के कारण प्रत्येक तकनीकी सहायक को अपने मानदेय से औसतन करीब छह हजार रुपये प्रतिमाह पेट्रोल पर खर्च करने पड़ते हैं। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई में मानदेय का बड़ा हिस्सा यात्रा खर्च में निकल जाने से आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मानदेय में उचित बढ़ोतरी करने के साथ तकनीकी सहायकों की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश संगठन के निर्देश पर तकनीकी सहायक धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान इंजीनियर जितेंद्र कुमार गुप्त, राकेश चौधरी, गंगा प्रसाद शुक्ला, आशीष कुमार पांडेय, अहमद आलम अंसारी, नितेश सिंह, आशुतोष कुमार, अमरनाथ यादव, सतेंद्र यादव, महेश यादव, हेमंत कुमार, रास्तोश कुमार शर्मा, सुनील कुमार चौधरी, राम लखन, नागेंद्र सिंह, मन्नान खान, हेमंत कुमार मिश्रा, आशुतोष कुमार शर्मा समेत बड़ी संख्या में तकनीकी सहायक मौजूद रहे।