खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

युवती सम्मेलन को लेकर पोस्टर का विमोचन, 30 सितंबर को मगहर में होगा आयोजन

शेयर

संतकबीरनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से प्रस्तावित युवती सम्मेलन को लेकर बुधवार को हीरालाल राम निवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद में पोस्टर का विमोचन किया गया। संगठन की ओर से बताया गया कि ‘नारी नवचेतना-युवती सम्मेलन’ का आयोजन 30 सितंबर को संत कबीर ऑडिटोरियम, मगहर में होगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में जिला संयोजक गौरी पाण्डेय ने कहा कि बदलते दौर में युवतियां समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवतियों के विचारों और उनकी भागीदारी को मंच प्रदान करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

नगर उपाध्यक्ष दीप्सी सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में युवतियां शिक्षा के साथ अपने अधिकारों, दायित्वों और भविष्य को लेकर भी जागरूक हो रही हैं। उन्होंने व्यक्तित्व विकास के साथ सामाजिक गतिविधियों और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पूर्व जिला प्रमुख विजय मिश्रा ने कहा कि समाज के विकास में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है और युवतियां भी इसकी प्रमुख भागीदार हैं। उन्होंने शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन में अपनाने की बात कही।

समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. विनय सिंह ने कहा कि सामाजिक बदलाव में शिक्षा की अहम भूमिका है। जागरूक और शिक्षित युवतियां परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी प्रभावी योगदान दे सकती हैं। उन्होंने ऐसे संवादात्मक आयोजनों को युवतियों के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में सम्मेलन की तैयारियों, सहभागिता और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने सम्मेलन को लेकर अपनी उत्सुकता जताई।

Trending News