खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

छह लाख तक के कृषि ऋण की राह आसान, कृषक समृद्धि योजना शुरू

शेयर

संतकबीरनगर। किसानों को कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की शुरुआत हो गई। बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का संतकबीरनगर में भी सजीव प्रसारण किया गया। कृषि विभाग सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल समेत किसान, लाभार्थी और अधिकारी कार्यक्रम से जुड़े।

योजना के तहत पात्र लघु एवं सीमांत किसानों को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के माध्यम से छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्त चुकाने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान योजना के ई-पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके साथ ही सहकारिता विभाग के उर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर से जुड़े यूपीसीडीसी ऐप को भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत भी की गई।

कृषि विभाग सभागार में मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि किसानों को कृषि कार्यों के लिए पूंजी उपलब्ध होने से उन्हें अपनी जरूरतों के अनुसार संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और अगले पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को इसका लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रतिनिधि आनंद त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक शाखा अध्यक्ष आनंद पासवान, खलीलाबाद शाखा अध्यक्ष जाकिर हुसैन, शाखा प्रबंधक महेन्द्र नाथ तिवारी समेत किसान, लाभार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Trending News