जिला कारागार में अचानक पहुंचे जिला जज, डीएम और एसपी, बैरकों की ली तलाशी
शेयर
संतकबीरनगर। जिला जज रणधीर सिंह, जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को जिला कारागार संतकबीरनगर का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में अफरा-तफरी के बजाय व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की विभिन्न बैरकों, मेस, कार्यालयों और परिसर का जायजा लिया। बैरकों में तलाशी अभियान चलाने के साथ साफ-सफाई की स्थिति भी परखी गई। अधिकारियों ने कारागार में बंद बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कारागार परिसर में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु या सामग्री का प्रवेश नहीं होना चाहिए। इसके लिए निर्धारित नियमों और सुरक्षा प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों ने जेल की बैरकों, मेस और अन्य स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही कारागार कर्मियों को निर्देशित किया कि बंदियों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और जेल की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं