खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
आज का समाचार -ख़लीलाबाद
☘ ⋮

सड़क पर जलभराव की शिकायत पर पहुंचे एसडीएम, रास्ते की जमीन पर निर्माण रोकने के निर्देश

शेयर

संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम जसुई देवघटा में पक्की सड़क पर नाबदान का पानी जमा होने की शिकायत के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने जलभराव, कीचड़ और दुर्गंध की समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी हृदय राम तिवारी से शिकायत की थी।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले मार्ग पर आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा पानी गिरने के कारण लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है और सड़क के खराब होने की भी आशंका बनी रहती है।

शिकायत मिलने के बाद सदर एसडीएम हृदय राम तिवारी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सड़क और आसपास की भूमि का निरीक्षण कर मौके की स्थिति की जानकारी ली। राजस्व कर्मचारियों के मुताबिक, गाटा संख्या 291 भूमि-धरी की जमीन है। खातेदारों की ओर से दक्षिण और पूर्व दिशा में निर्माण के लिए नींव खोदे जाने की बात भी सामने आई।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि रास्ते की जमीन को छोड़कर ही निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन बाधित न हो। साथ ही सड़क पर जमा हो रहे पानी की समस्या को देखते हुए उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों और संबंधित पक्षों से राजस्व विवाद को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद में कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या कानून का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Trending News