77 विद्यालयों में पॉक्सो जागरूकता अभियान, गांधी जयंती पर छात्र सम्मानित
शेयर
संतकबीरनगर। गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायालय सभागार में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह ने की। उन्होंने गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई।
इस दौरान 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न विद्यालयों में चलाए गए पॉक्सो जागरूकता अभियान का समापन किया गया। अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों ने 10, लीगल एड डिफेंस काउंसिल ने 5, अधिवक्ता एवं मध्यस्थगण ने 28 और पराविधिक स्वयंसेवकों ने 34 विद्यालयों में जागरूकता शिविर लगाए। इस प्रकार कुल 77 विद्यालयों में शिविर आयोजित किए गए।
अभियान के तहत ‘बचपन बचाएं, कानून को जानें, अपने और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करें’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी कराई गई। समारोह में प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को जिला जज ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
जनपद न्यायाधीश ने लोगों से सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने, स्वच्छता बनाए रखने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। अपर जिला जज गजेंद्र ने पुराने लंबित मामलों के निस्तारण में सहयोग की अपेक्षा की, जबकि अपर जिला जज पॉक्सो कृष्ण कुमार-पंचम ने गांधी जी के जीवन से जुड़े प्रसंग साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं शिक्षक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।