खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
‹
Home
☘ ⋮

तामेश्वरनाथ धाम के कायाकल्प की तैयारी तेज, भूमि अधिग्रहण से लेकर कॉरिडोर तक डीएम ने लिया जायजा

शेयर

संतकबीरनगर। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थल बाबा तामेश्वरनाथ धाम को पर्यटन स्थल और कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक ने धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना के बाद प्रस्तावित विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, पोखरे और आसपास के क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने पर्यटन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से कॉरिडोर परियोजना के प्रस्तावित ले-आउट, नक्शे, भूमि अधिग्रहण की स्थिति, आवश्यक भूमि का क्षेत्रफल, गाटों की संख्या और इससे प्रभावित होने वाले काश्तकारों की जानकारी ली। डीएम ने अधिकारियों को परियोजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंदिर परिसर में अधिकारियों, राजस्व कर्मियों, ग्राम प्रधान और स्थानीय काश्तकारों के साथ बैठक हुई। बैठक में भूमि अधिग्रहण समेत परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि तामेश्वरनाथ धाम का विकास क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉरिडोर परियोजना में प्रभावित काश्तकारों और स्थानीय निवासियों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। विकास कार्यों के दौरान गोसाईं जी और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या नुकसान न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने धाम के पहुंच मार्ग पर निर्माणाधीन नाली का काम शीघ्र पूरा कराने तथा सड़क की मरम्मत कराने को भी कहा। मंदिर परिसर में बन रहे शौचालय का निर्माण पूरा कराकर उसे ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके पांडेय, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, तहसीलदार अनुराग यादव, नायब तहसीलदार प्रेम नारायण सहित राजस्व कर्मचारी, ग्राम प्रधान, मंदिर पुजारी, काश्तकार, गोसाईं जी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Trending News