घनी आबादी में छिपाकर रखे थे 271 किलो पटाखे, महुली पुलिस ने पिता-पुत्र को दबोचा
शेयर
संतकबीरनगर। त्योहारों के बीच अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार को महुली पुलिस ने जगदीशपुर गौरा स्थित कांशीराम आवास में छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कुल 271 किलो पटाखे बरामद हुए और मौके से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार महुली थाना क्षेत्र में टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जगदीशपुर गौरा स्थित कांशीराम आवास में दबिश दी गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग प्रकार के पटाखे बड़ी मात्रा में मिले। पुलिस का कहना है कि पटाखों के भंडारण के लिए कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया और मौके पर अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम भी नहीं थे।
मामले में पुलिस ने रामचंद्र पुत्र बाबूलाल और उसके पुत्र राहुल, निवासी जगदीशपुर गौरा, थाना महुली को गिरफ्तार किया। बरामद पटाखों का कुल वजन 271 किलो बताया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ महुली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 415/2026 दर्ज किया है। मुकदमा धारा 288 बीएनएस और धारा 9(बी) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कांस्टेबल छोटेलाल, विनोद कुमार मौर्या, शशांक सिंह और महिला कांस्टेबल मुस्कान सिंह शामिल रहीं।