ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में आठवीं गिरफ्तारी, बांस का डंडा बरामद
शेयर
संतकबीरनगर। पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा बरामद हुआ है। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामललित यादव पुत्र स्वर्गीय नंदू, निवासी भगठान (गोसाईपुर), थाना कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर को बगहिया तिराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है।
बाइक रोककर हमले का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को रमाकांत यादव ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके भाई ब्रह्मानंद यादव बाइक से गिठनी बाजार जा रहे थे। इसी दौरान राकेश यादव के घर के सामने कुछ लोगों ने उनकी बुलेट मोटरसाइकिल रोक ली और उनकी आंखों में पिसी लाल मिर्च डाल दी। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो ब्रह्मानंद गंभीर रूप से घायल मिले। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने की बात बताई। पूछताछ में पूर्व में हुई मारपीट और आगामी ग्राम प्रधान चुनाव को लेकर विवाद का भी जिक्र किया गया है। पुलिस घटना में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस मामले में कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 890/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, कांस्टेबल प्रदीप कुमार पटेल, रजनीश यादव, श्रीश मिश्रा, कृष्णनारायन गौड़, अनिल यादव, अरुण कुमार और महिला कांस्टेबल आरजू सिंह शामिल रहीं।