नगर पालिका में नौकरी दिलाने का झांसा, महिला से 1.13 लाख रुपये की ठगी का आरोप
शेयर
खलीलाबाद, संतकबीरनगर। नगर पालिका में संविदा पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति पर 1.13 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में धनघटा क्षेत्र के मुंडेरा गांव निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि खलीलाबाद के टीचर्स कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने नगर पालिका में पहचान होने का दावा करते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि उसने पहले एक सदस्य की नौकरी लगवाने के नाम पर धनराशि ली, फिर परिवार के अन्य सदस्यों को नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर अलग-अलग रकम वसूल की।
पीड़िता का कहना है कि कुल 1.13 लाख रुपये लेने के बावजूद किसी की नौकरी नहीं लगवाई गई और न ही रकम वापस की गई। आरोप है कि पैसा वापस मांगने पर आरोपी ने अभद्र व्यवहार किया और धमकी भी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।