खलीलाबाद-रौरापार मार्ग चौड़ीकरण का शुभारंभ, विधायक ने जेसीबी चलाकर शुरू कराया कार्य
शेयर
संतकबीरनगर। क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक अंकुरराज तिवारी ने मंगलवार को रौरापार तिराहे पर खलीलाबाद-रौरापार सड़क चौड़ीकरण परियोजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं जेसीबी चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
करीब 5.10 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य पर लगभग 13.74 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और इसी सोच के तहत खलीलाबाद से वन देवी मंदिर होते हुए रौरापार तक सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई है।
उन्होंने बताया कि सड़क बनने से क्षेत्र की लगभग ढाई लाख आबादी को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही वन देवी मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।