विकास कार्यों की समीक्षा को नगर पालिका पहुंचे विधायक अंकुर राज तिवारी
शेयर
संतकबीरनगर। खलीलाबाद नगर पालिका में विकास कार्यों की स्थिति जानने के लिए विधायक अंकुर राज तिवारी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और सभासदों के साथ बैठक कर नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में कई सभासदों और स्थानीय लोगों ने नगर में विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर अपनी बातें रखीं। विधायक ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान नगर पालिका को पिछले वर्षों में प्राप्त धनराशि और उसके सापेक्ष हुए विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए और विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने से जुड़े आरोप निराधार हैं। नगर पालिका प्रशासन के साथ हुई बैठक में विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में नगर पालिका के सभी वार्डों के सभासद मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से विकास कार्य पूरा करने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के निर्देश दिए।