नगर पंचायत अध्यक्ष समेत चार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा, मारपीट और धमकी का आरोप
शेयर
संतकबीरनगर। नगर पंचायत धर्मसिंहवा के अध्यक्ष वसीउद्दीन अंसारी सहित चार लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी और घर में घुसकर उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता पंकज साहनी का आरोप है कि 4 जून की रात मोहल्ले की एक दुकान पर सामान लेने के दौरान उन्हें रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की गई। जान बचाकर घर पहुंचने के बाद भी आरोपित उनके घर तक पहुंच गए और दोबारा मारपीट करते हुए धमकियां दीं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि बीच-बचाव करने आई उनकी मां को भी अपमानजनक बातें कही गईं और परिवार को इलाके से चले जाने तक की धमकी दी गई। घटना के बाद परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
बताया जा रहा है कि मामले में कार्रवाई को लेकर पूर्व विधायक राकेश कुमार सिंह बघेल ने भी नाराजगी जताई थी। इसके बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने की चर्चा क्षेत्र में हो रही है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।