खलीलाबाद पुलिस की कार्रवाई, दो युवकों के पास से अवैध हथियार बरामद
शेयर
संतकबीरनगर जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी 9 एमएम पिस्टल, एक चाकू, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान दोनों युवक संदिग्ध हालात में मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित कुमार उर्फ अंगद यादव निवासी मझगांवा थाना महुली तथा वीरेंद्र यादव उर्फ टेढ़े निवासी सेहड़ा, घघसरा थाना सहजनवां, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बरामद मोटरसाइकिल के कागजातों की जांच के बाद वाहन को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।