मानसून से पहले डीएम ने परखा बाढ़ सुरक्षा कार्यों का हाल, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
शेयर
संतकबीरनगर में मानसून सत्र और संभावित बाढ़ की चुनौतियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को मेंहदावल तहसील क्षेत्र का दौरा कर राप्ती नदी के दाहिने तट पर स्थित करमैनी बेलौली तटबंध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि बरसात के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी सुरक्षात्मक कार्य समय से पूर्ण कर लिए जाएं।
जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाढ़ से बचाव की तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान सिंचाई एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।