किसान दिवस में गूंजी किसानों की समस्याएं, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
शेयर
संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत किसानों को ट्रैक्टर और मिनी राइस प्लांट के लिए ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा के बारे में भी बताया गया।
किसान दिवस में प्रगतिशील किसानों और कृषि विशेषज्ञों ने मशरूम, मक्का उत्पादन, धान की सीधी बुवाई तथा खरपतवार नियंत्रण जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी साझा की।
इस दौरान किसानों ने गन्ना भुगतान, खाद की उपलब्धता, नहरों में पानी की आपूर्ति, खराब ट्यूबवेल, चकरोड निर्माण, समितियों के कमीशन और डीजल उपलब्धता जैसे मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समस्याओं की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि खाद की उपलब्धता सभी समितियों पर सुनिश्चित की जाएगी, लेकिन इसका लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने फार्मर रजिस्ट्री कराई है। बैठक में किसानों को बीज वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था और खेत तालाब योजना की जानकारी भी दी गई।