फर्जी पासपोर्ट के सहारे विदेश पहुंचा युवक गिरफ्तार, जॉर्डन से लौटते ही दबोचा गया
शेयर
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने वाले एक वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि धनघटा थाना क्षेत्र के बण्डा बाजार निवासी संदीप कुमार के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट बनवाने और विदेश यात्रा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज था। हाल ही में वह जॉर्डन से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा, जहां पहले से जारी एलओसी के आधार पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।
सूचना मिलने पर खलीलाबाद पुलिस की टीम लखनऊ पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर संतकबीरनगर ले आई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी पासपोर्ट, आपातकालीन प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।