खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
आज का समाचार -ख़लीलाबाद

कोतवाली खलीलाबाद के मालखाने से 427 ग्राम सोना व नकदी के कथित गबन का मामला, एफआईआर दर्ज

शेयर

कोतवाली खलीलाबाद में मालखाने में जमा एक पुराने आपराधिक मुकदमे के बरामद माल के कथित गबन का मामला सामने आया है। वर्तमान हेड मुहर्रिर गोविंद शरण की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है।

एफआईआर के अनुसार, वर्ष 2018 में दर्ज एक मुकदमे में बरामद 427 ग्राम गला हुआ सोना, 49,518 रुपये सीलबंद नकदी तथा 14 नेपाली नोट न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने थे। जब इस संबंध में मालखाने के अभिलेखों की जांच की गई तो रिकॉर्ड में बरामदगी अंकित मिली, लेकिन संबंधित माल चार्ज में सुपुर्द नहीं किया गया था।

तहरीर में आरोप है कि पूर्व हेड मुहर्रिर मारकंडेय सिंह ने बताया कि उन्हें भी उक्त बरामद माल चार्ज में नहीं मिला था। वहीं तत्कालीन हेड मुहर्रिर राधेश्याम गुप्ता के संबंध में जानकारी मिली कि उन्हें यह माल पूर्व हेड मुहर्रिर विनोद कुमार मिश्रा द्वारा सुपुर्द किया गया था, जिसका उल्लेख चार्ज लेटर में भी है।

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन हेड मुहर्रिर राधेश्याम गुप्ता ने उक्त बरामद माल को मालखाने में सुरक्षित रखने के बजाय उसका गबन कर लिया। वर्तमान में राधेश्याम गुप्ता की तैनाती जनपद बहराइच में बताई गई है तथा उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी चल रही है।

पुलिस ने गोविंद शरण की तहरीर के आधार पर 26 जून 2026 को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Trending News