पल्स पोलियो अभियान शुरू, 3.11 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
शेयर
संतकबीरनगर। जिले में पल्स पोलियो अभियान के तहत शनिवार को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की कि 28 जून को आयोजित बूथ दिवस पर 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया ने बताया कि जनपद में 3 लाख 11 हजार 141 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में 858 बूथ बनाए गए हैं, जबकि घर-घर जाकर दवा पिलाने के लिए विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।