सिगरेट के पैसे मांगने पर बवाल, दुकानदार के घर में घुसकर हमला; 15-20 लोगों पर केस दर्ज
शेयर
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के नेदुला चौराहे पर सिगरेट के पैसे मांगने को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पहले दो युवकों ने दुकानदार के साथ मारपीट की और कुछ देर बाद 15 से 20 लोगों के साथ पहुंचकर उसके घर में घुसकर लाठी-डंडों, रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 9:15 बजे दो युवक उसकी दुकान पर सिगरेट लेने आए। सिगरेट लेने के बाद जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन्होंने भुगतान करने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की गई।
आरोप है कि कुछ समय बाद दोनों युवक अपने कई साथियों के साथ लौटे और दुकानदार के घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना के दौरान लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर रोहित यादव, हैप्पी यादव, रोहन यादव, विवेक यादव, गोलू यादव, सचिन पंडित, विशाल यादव, आलोक समेत 15-20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।