शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियां पूरी, सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा
शेयर
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को जनपद के सात परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित निगरानी और अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की है। बैठक में प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया से संबंधित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए कि वे सभी आवश्यक संसाधन और आधारभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराकर परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित करें