बेलहर कला किशोरी हत्याकांड का खुलासा: सामूहिक दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
शेयर
संतकबीरनगर। बेलहर कला थाना क्षेत्र में किशोरी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, किशोरी के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया और इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू कथित रूप से किशोरी पर शादी का दबाव बना रहा था। जब किशोरी ने शादी से इनकार किया, तो उसने अपने साथी मोहम्मद आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बालूशासन पुल के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद बरामदगी की कार्रवाई के दौरान आरोपियों को मृतका का मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कराने के लिए जंगल क्षेत्र में ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। कई बार चेतावनी देने के बावजूद नहीं रुकने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को पहले सीएचसी मेंहदावल और बाद में जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर किया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।