नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
शेयर
मेंहदावल। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
मईला गांव निवासी रामनिवास ने आरोप लगाया है कि नई बाजार निवासी शमशाद अहमद ने एक संस्था के माध्यम से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसके बदले विभिन्न चरणों में उससे नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली गई। पीड़ित का कहना है कि नौकरी की प्रक्रिया के नाम पर प्रशिक्षण भी कराया गया, लेकिन नियुक्ति नहीं मिली।
शिकायत के अनुसार, बाद में जिला कोऑर्डिनेटर और फिर मंडल स्तर के पद पर नियुक्ति का आश्वासन देकर अतिरिक्त धनराशि भी ली गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस दौरान कुल 5.24 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में लिए गए।
रामनिवास का यह भी आरोप है कि उसके एक रिश्तेदार से भी नौकरी दिलाने का झांसा देकर धनराशि वसूली गई। बाद में रकम वापस मांगने पर आरोपित ने कुछ धन ऑनलाइन लौटा दिया, लेकिन पूरी राशि वापस नहीं की।
पीड़ित का कहना है कि शिकायत करने के बाद आरोपित ने उसे रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की विवेचना की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।