शिक्षक दिवस पर जिले के 50 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, डीएम बोले- समाज निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका
शेयर
संतकबीरनगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के 50 उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। प्रत्येक विकासखंड से पांच-पांच शिक्षकों का चयन किया गया था। अतिथियों ने चयनित शिक्षकों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर उनके बेहतर शैक्षणिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित प्रदेश स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक बलिराम यादव सहित अधिकारियों और शिक्षकों ने प्रसारण देखा।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ी के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार और सफल नागरिक बन सकें।
जिला पंचायत प्रशासक बलिराम यादव ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।