समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 171 में 16 शिकायतों का निस्तारण
शेयर
संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। धनघटा, मेंहदावल और खलीलाबाद तहसील में कुल 171 शिकायतें सामने आईं, जिनमें 16 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए।
धनघटा तहसील में विधायक गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने लोगों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल 44 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें पांच का मौके पर समाधान हुआ। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। जरूरत पड़ने पर अधिकारी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को सुनें और नियमानुसार कार्रवाई करें। पुलिस अधीक्षक ने भी कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में स्थलीय जांच के निर्देश दिए।
वहीं मेंहदावल तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। यहां 47 शिकायतों में दो का मौके पर निस्तारण किया गया।
खलीलाबाद तहसील में एसडीएम हृदय राम तिवारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां सर्वाधिक 80 शिकायतें मिलीं, जिनमें नौ का मौके पर समाधान कराया गया। भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत और खतौनी से जुड़े मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।