CM योगी की PRD जवानों को बड़ी सौगात, दैनिक भत्ता ₹500 से बढ़ाकर ₹600
शेयर
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षा गृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के पीआरडी स्वयंसेवकों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की। साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से जोड़ने की शुरुआत की गई। लखनऊ में बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का संतकबीरनगर कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा पीआरडी स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री का संबोधन देखा और सुना।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पीआरडी जवानों का दैनिक भत्ता बढ़ाने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने पीआरडी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन में पीआरडी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने स्वयंसेवकों को अपनी जिम्मेदारियों का और बेहतर तरीके से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आराधना द्विवेदी ने किया। इस दौरान सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी और पीआरडी स्वयंसेवक मौजूद रहे।