GeM पोर्टल के इस्तेमाल पर अधिकारियों और विक्रेताओं को मिला प्रशिक्षण
शेयर
संतकबीरनगर। सरकारी खरीद व्यवस्था को बेहतर बनाने और GeM पोर्टल के प्रभावी उपयोग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जनपद स्तरीय अधिकारियों, आहरण-वितरण अधिकारियों और विक्रेताओं को पोर्टल के माध्यम से खरीदारी की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विक्रेता मौजूद रहे।
GeM ट्रेनर निखिल राय ने प्रतिभागियों को पोर्टल की कार्यप्रणाली समझाते हुए खरीद प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं और विक्रेताओं के लिए जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों और अधीनस्थ संस्थाओं में निर्धारित शासकीय खरीद GeM पोर्टल के माध्यम से किए जाने की व्यवस्था है।
कार्यशाला के दौरान GeM 2.0 में किए जा रहे बदलावों और प्रस्तावित नई सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पीपीटी के जरिए पोर्टल के विभिन्न चरणों को समझाया गया। अधिकारियों और विक्रेताओं ने पोर्टल से जुड़े सवाल पूछे, जिनका ट्रेनर ने समाधान बताया।
अधिकारियों के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ ही पोर्टल के उपयोग को अधिक सरल और प्रभावी बनाना रहा।