PET-2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, ADM ने दिए सख्त निर्देश
शेयर
संतकबीरनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को सकुशल और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। इसके लिए जिले में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी।
अपर जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर तैयार रखने तथा पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध का पालन कराने तथा अभ्यर्थियों की जांच के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को भी कहा गया।
उन्होंने सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पहले से निरीक्षण करने तथा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे।