खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
Home

ग्राम रोजगार सेवकों ने मांगों को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन

शेयर

संतकबीरनगर। ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सदर विधायक अंकुर राज तिवारी के आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से रोजगार सेवकों ने वर्षों से लंबित मांगों का जल्द समाधान कराने की मांग की। संघ का कहना है कि ग्राम रोजगार सेवक करीब दो दशक से ग्राम पंचायतों में जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और मनरेगा सहित ग्रामीण रोजगार से जुड़ी योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को की गई घोषणाओं को लागू कराने की मांग उठाई। इनमें कैशलेस इलाज की सुविधा, मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने तथा बढ़े हुए मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।

इसके साथ ही मृतक आश्रितों से संबंधित शासनादेश लागू करने और एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने रोजगार सेवकों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों पर उचित स्तर पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Trending News