विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत क्विज प्रतियोगिता आयोजित
शेयर
संतकबीरनगर। गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज, भुजैनी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ विषय पर विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि युवा देश की ऊर्जा और भविष्य हैं। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं में ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक सोच और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करती हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि अनुशासन और सकारात्मक दिशा में किया गया प्रयास युवाओं को बेहतर नेतृत्वकर्ता बनाने में मदद करता है। क्विज और संवाद जैसे आयोजनों से विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को महाविद्यालय की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में दुर्गेश कुमार शुक्ला ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।