खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
Home

बी-पैक्स में 16 लाख रुपये से अधिक के गबन का आरोपी गिरफ्तार

शेयर

संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र में बी-पैक्स की धनराशि के कथित गबन के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर उर्वरक बिक्री से प्राप्त 16,02,892 रुपये की धनराशि का गबन करने और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेख गायब करने का आरोप है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण प्रताप सिंह पुत्र रामचंद्र सिंह, निवासी गुलटही, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। उसे हुसैनगंज स्थित आनंद मोटर के पास से गिरफ्तार किया गया।

मामले में सहायक विकास अधिकारी सहकारिता जनार्दन यादव की तहरीर पर 30 जनवरी 2026 को बखिरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप के मुताबिक आरोपी बी-पैक्स बौरब्यास और बी-पैक्स सिंहोरवा में प्रभारी सचिव के पद पर कार्यरत था। दोनों समितियों से संबंधित धनराशि के गबन का आरोप लगाया गया है।

पुलिस के मुताबिक मामले में स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर, कैशबुक, कार्यवाही रजिस्टर और बैंक पासबुक सहित कई महत्वपूर्ण अभिलेख गायब किए जाने का भी आरोप है।

पुलिस ने साक्ष्य संकलन के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया। कार्रवाई थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।

Trending News