खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
Home

चिउटना में सपा का शक्ति प्रदर्शन, रोहित पाण्डेय बोले- बूथ मजबूत तो जीत का रास्ता आसान

शेयर

संतकबीरनगर। आगामी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को चिउटना क्षेत्र में आयोजित ‘मजबूत बूथ, सशक्त संगठन’ समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को मजबूत बनाने पर मंथन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और सपा नेता रोहित पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं से बूथ को सबसे बड़ी प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत की बुनियाद बूथ पर ही तैयार होती है। बूथ की टीम सक्रिय और संगठित रहेगी तो पार्टी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर सकेगी।

बैठक में प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने के साथ युवाओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी देने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद करने को कहा गया।

इस दौरान महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय समस्याओं सहित विभिन्न जनमुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। साथ ही पार्टी की नीतियों और पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

बैठक में पहुंचे नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Trending News