बखिरा थाने में पुलिसकर्मियों को दिया गया अग्निशमन प्रशिक्षण
शेयर
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थाना बखिरा परिसर में फायर सर्विस टीम द्वारा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा और अग्निशमन का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान फायर सर्विस कर्मियों ने आग लगने के संभावित कारणों, आग की विभिन्न श्रेणियों और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही अग्निशामक यंत्र के सही एवं सुरक्षित इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
इस दौरान थानाध्यक्ष बखिरा उमाशंकर तिवारी सहित पुलिसकर्मियों को आग लगने पर प्रारंभिक स्तर पर नियंत्रण पाने, लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और तत्काल फायर सर्विस को सूचना देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फायर सर्विस टीम ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सावधानी और सूझबूझ से काम करते हुए उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सुरक्षित तरीके से प्रयोग करना चाहिए।