रोजगार की तलाश में जुटे युवाओं को मिला अवसर, रोजगार मेले में 642 अभ्यर्थियों का चयन
शेयर
संतकबीरनगर। जिले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजनौली सिरसी स्थित देवी सिंह स्मारक महाविद्यालय में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले और करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए प्रतिभाग किया।
आयोजकों के अनुसार, मेले में करीब 1573 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 642 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय और देवी सिंह स्मारक महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में हैसर बाजार की ब्लॉक प्रमुख श्रीमती कालिंदी चौहान मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी माधवी उपाध्याय, राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य अजय कुमार, महाविद्यालय की प्रबंधक डॉ. पूजा सिंह कौशिक और प्राचार्य दीपक प्रताप सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।