17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
शेयर
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों से आम लोगों के जीवन में आए बदलाव की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही नागरिकों को विकसित भारत@2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्तरों पर कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। 17 सितंबर को सेवा दिवस पर शाम सात बजे घरों, प्रमुख मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों पर दीप प्रज्ज्वलन कराया जाएगा। ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में रक्तदान शिविर तथा दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों की ड्राइंग और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की भाषण प्रतियोगिता होगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और डिबेट आयोजित की जाएगी। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और बदलाव की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम और उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा दीदियों व लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा।
इसके अलावा डिजिटल व रील अभियान, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान और विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।