खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
Home

2027 की तैयारी में सपा का शक्ति प्रदर्शन, बूथ अध्यक्षों ने भरी हुंकार

शेयर

खलीलाबाद- वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को खलीलाबाद के बरगदवा स्थित शाकाहारी मैरिज हॉल में सपा के बूथ अध्यक्ष एवं सेक्टर अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव विनोद यादव ने किया। कार्यक्रम में संतकबीरनगर सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

जिला महासचिव विनोद यादव ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने बूथ और सेक्टर अध्यक्षों से अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा। उन्होंने जनता से लगातार संवाद और संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में बूथ एवं सेक्टर अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने और मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।

Trending News