25 केवीए ट्रांसफार्मर पर 70 कनेक्शनों का भार, डीएम ने 63 केवीए लगाने के दिए निर्देश
शेयर
खलीलाबाद विकासखंड के ग्राम पंचायत मंझरिया गंगा में लंबे समय से बिजली की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। करीब 70 विद्युत कनेक्शनों का भार महज 25 केवीए के ट्रांसफार्मर पर होने से यहां लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत सामने आ रही थी।
ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया लगातार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सितंबर 2025 में उन्होंने विद्युत विभाग को प्रार्थना पत्र देकर 25 केवीए के स्थान पर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी।
मामले में विद्युत विभाग की ओर से स्थलीय निरीक्षण और प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, लेकिन लंबे समय तक क्षमता वृद्धि नहीं हो सकी। इसके बाद मामला जिलाधिकारी तक पहुंचा।
7 सितंबर 2026 को राम सुरेश चौरसिया ने एक बार फिर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर ग्रामीणों की परेशानी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि करीब एक साल से ग्रामीण विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। पूर्व में मार्च 2026 तक 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन मिलने के बावजूद काम नहीं हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत खंड खलीलाबाद के अधिशासी अभियंता से फोन पर वार्ता की और गांव में ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल्द से जल्द लगाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम के निर्देश के बाद अब ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगने से लो-वोल्टेज के साथ बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से भी निजात मिल सकेगी।
फिलहाल अब देखना होगा कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विद्युत विभाग कितनी जल्दी गांव में नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाकर ग्रामीणों की करीब एक साल पुरानी समस्या का समाधान करता है।