12 सितंबर को निकलेगी श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति शोभायात्रा
शेयर
संत कबीर नगर। राष्ट्र संत महंत अवैद्यनाथ जी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर विश्व हिन्दू महासंघ की जिला इकाई द्वारा 12 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के संकल्प के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कार्यक्रम के अनुसार शोभायात्रा शनिवार, 12 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे जूनियर हाईस्कूल से रवाना होगी। यात्रा मेंहदावल बाईपास से होते हुए खलीलाबाद स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचेगी। यहां हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा के माध्यम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विषय को लेकर लोगों के बीच जनजागरण का संदेश पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए बैनरों में “अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी” और “संत कबीर नगर की यही पुकार, मुक्त हो कान्हा का दरबार” जैसे नारे लिखे गए हैं।
विश्व हिन्दू महासंघ ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। संगठन का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम की तैयारियों में जिला अध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी, जिला महामंत्री सोनू गुप्ता, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जयहिन्द प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष राकेश शर्मा और गौरक्षा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष ज्ञान जयसवाल समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।