खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
Home

शिक्षक दिवस पर रोटरी क्लब ने शिक्षकों को किया सम्मानित, प्रितपाल सिंह बोले- समाज को दिशा देते हैं शिक्षक

शेयर

संतकबीरनगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर खलीलाबाद शहर में रोटरी क्लब की ओर से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शनिवार देर शाम एक होटल में हुए कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले सेवानिवृत्त और कार्यरत शिक्षकों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने शिक्षा और समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक प्रो. विजय कृष्ण ओझा, प्रो. गणेश कुमार श्रीवास्तव, राधेश्याम मिश्रा, इंद्रेश धर दुबे और पूर्व प्रधानाचार्य राजेश्वर प्रसाद को सम्मानित किया गया। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज खलीलाबाद की प्रधानाचार्य डॉ. सबीहा मुमताज, प्रधानाध्यापिका इंदू यादव, सहायक अध्यापिका योगिता पाल और प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रज्ञा मिश्रा को भी सम्मान प्रदान किया गया।

रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रितपाल सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनके भविष्य को संवारते हैं और समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्लब के सचिव डॉ. डीएन पांडेय ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

समारोह में रोटरी और रोट्रैक्ट क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Trending News