आंगनबाड़ी बहनों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, 12 हजार हुआ मानदेय; सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार
शेयर
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मासिक मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की।
मानदेय बढ़ाने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। वहीं कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने तथा साड़ी के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने की बात कही गई।
अयोध्या में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संतकबीरनगर में भी दिखाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार खलीलाबाद में जिला पंचायत प्रशासक बलिराम यादव, जिलाधिकारी आलोक कुमार और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम के दौरान जिले में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गंभीर कुपोषण की श्रेणी से बाहर आकर सामान्य श्रेणी में पहुंचे बच्चों के अभिभावकों को भी बेहतर देखभाल के लिए सम्मान मिला। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिले में कलेक्ट्रेट सभागार के अलावा मेंहदावल ब्लॉक सभागार और हैंसर बाजार ब्लॉक सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां अयोध्या के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चन्द्र, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।