खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
Home

राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर खलीलाबाद में जागरूकता रैली, जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

शेयर

संत कबीर नगर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को खलीलाबाद में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उच्च न्यायालय मध्यस्थता एवं सुलह-समझौता केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में पीडी लॉ कॉलेज के विधि छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर से रैली को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर निकले विद्यार्थियों ने लोगों को लोक अदालत के माध्यम से आपसी सुलह-समझौते से विवादों के निस्तारण के प्रति जागरूक किया। रैली मेहदावल बाईपास, गोला बाजार और बैंक चौराहा होते हुए जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद पहुंचकर संपन्न हुई।

जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत केवल अदालत नहीं, बल्कि न्याय का उत्सव है। उन्होंने लोगों से बैंक ऋण, बिजली बिल, वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना प्रतिकर और अन्य सुलह योग्य मामलों के निस्तारण के लिए लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या शाह ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य आम लोगों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।पीडी लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक दायित्व निभाना भी एक अच्छे अधिवक्ता की पहचान है।इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों, पीडी लॉ कॉलेज के शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही।

Trending News