खलीलाबाद न्यूज़
आपके शहर की अपनी न्यूज़ ऐप
Home

कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एपीडा-उद्यान विभाग की पहल, 100 किसानों को मिला प्रशिक्षण

शेयर

संतकबीरनगर। जनपद में कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) एवं उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कृषक क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 100 प्रगतिशील किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के प्रतिनिधियों और निर्यातकों ने प्रतिभाग किया।

जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल ने किसानों को राज्य सरकार की ओर से बागवानी एवं प्रसंस्करण क्षेत्र में संचालित अनुदान योजनाओं और तकनीकी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक तकनीक अपनाने का आह्वान किया।

एपीडा के प्रतिनिधि सत्येंद्र सिंह लोधी ने वैश्विक बाजार की मांग, उत्पादों की पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स तथा निर्यात के लिए जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा ने सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के विकास के साथ FPO को उद्यमिता से जोड़ने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

अपर जिला कृषि अधिकारी डॉ. बृजेश चौधरी ने उन्नत कृषि पद्धतियों, उत्पाद की गुणवत्ता सुधारने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फसल प्रबंधन की जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने बताया कि FPO के माध्यम से किसान संगठित होकर अपने उत्पादों की बेहतर ग्रेडिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर सकते हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सीधी पहुंच बनाने के साथ किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें किसानों और निर्यातकों की शंकाओं का अधिकारियों ने समाधान किया।

Trending News