सहारनपुर मस्जिद विध्वंस की उच्चस्तरीय जांच की मांग, संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
शेयर
संतकबीरनगर। भारत मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर सहारनपुर में मस्जिद विध्वंस के मामले में निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग की। कार्यकर्ताओं ने अपर उप जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में 5 सितंबर 2026 को सहारनपुर में हुई कार्रवाई की जांच कराने, प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
बहुजन मुक्ति पार्टी युवा संगठन के राष्ट्रीय महासचिव आनंद कुमार गौतम ने कहा कि संगठन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं, बल्कि संविधान, विधि के शासन और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा के जिलाध्यक्ष मौलाना गुलाम जिलानी ने संबंधित आदेश और पूरी फाइल सार्वजनिक करने तथा कार्रवाई का कानूनी आधार स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने वीडियो व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच और प्रभावित पक्ष को सुनवाई का अवसर देने की बात कही।
ज्ञापन में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा ऑडिट, भविष्य में ऐसी कार्रवाई के लिए स्पष्ट एसओपी, समयबद्ध कार्रवाई और अनुपालन रिपोर्ट सार्वजनिक करने समेत कई मांगें रखी गईं।
इस दौरान बहुजन मुक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष धनंजय कुमार, भारत मुक्ति मोर्चा तहसील खलीलाबाद अध्यक्ष फिरोज अहमद, राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा तहसील प्रभारी मोहम्मद इरशाद, रमजान अली, राजेश प्रसाद मौर्य समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।