धनघटा में युवक से मारपीट, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शेयर
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज गोरखपुर के जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में छह लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मखदुमपुर निवासी संत कुमार ने शिकायत में बताया कि 5 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ सरयू नदी के बिडहर घाट पर पूजा-अर्चना करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा रमेश कुमार पारासीर चौराहे पर दवा लेने के लिए रुक गया।
आरोप है कि पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोककर मारपीट की और बाद में अपने घर ले जाकर फिर से हमला किया। घटना में रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल गोरखपुर में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
धनघटा थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर बलिराम राजभर, कुलदीप, सुशीला देवी, मालती सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।