Blog

  • ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में संतकबीरनगर बंद, केमिस्टों का जोरदार प्रदर्शन

    ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में संतकबीरनगर बंद, केमिस्टों का जोरदार प्रदर्शन

    संतकबीरनगर में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट कल्याण एसोसिएशन के नेतृत्व में जिलेभर की दवा दुकानें बंद रहीं। केमिस्टों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों का आरोप है कि फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन और भारी छूट के जरिए बिना चिकित्सकीय सलाह दवाएं बेची जा रही हैं, जिससे जनस्वास्थ्य को खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बिक्री से छोटे लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है। इस दौरान जिले के बड़ी संख्या में केमिस्ट विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे।

  • ज्ञान भारतम् मिशन के तहत 164 कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण

    ज्ञान भारतम् मिशन के तहत 164 कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण

    संतकबीरनगर में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ योजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटलीकरण पर जोर दिया गया।

    कार्यशाला में 164 नामित कर्मचारियों को प्राचीन हस्तलिखित ग्रंथों का सर्वेक्षण, डिजिटल स्कैनिंग और उन्हें ज्ञान भारतम् पोर्टल/ऐप पर अपलोड करने का प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मिशन का उद्देश्य देश की प्राचीन ज्ञान परंपराओं और दुर्लभ पांडुलिपियों को सुरक्षित रखना है।प्रशिक्षण के दौरान आम नागरिकों से भी अपील की गई कि यदि उनके पास कोई प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपि सुरक्षित है तो वे मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या ‘ज्ञान भारतम्’ ऐप के माध्यम से स्वयं उसे अपलोड कर सकते है

  • ई-रिक्शा में महिलाओं को बनाते थे निशाना, चैन स्नैचिंग गिरोह की चार महिला समेत पांच गिरफ्तार

    ई-रिक्शा में महिलाओं को बनाते थे निशाना, चैन स्नैचिंग गिरोह की चार महिला समेत पांच गिरफ्तार

    संतकबीरनगर पुलिस ने चैन झपटमारी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीनी गई पीली धातु की चैन और घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है।

    अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने सूतीमिल मगहर के पास कार्रवाई करते हुए गिरोह को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में गोरखपुर जिले के राजेश यादव, अनिता, मुस्कान उर्फ आंचल, आरती और नेहा शामिल हैं।

    पुलिस के मुताबिक 15 मई को भुजैनी निवासी सचिदानंद त्रिपाठी की पत्नी रीता त्रिपाठी ई-रिक्शा से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान पहले से बैठी महिलाओं ने धक्का-मुक्की कर उनके गले से चैन छीन ली और बाहर खड़ी कार में बैठकर फरार हो गईं।

    पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक वाहनों में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन झपटमारी करते थे। गिरोह के आने-जाने और वाहन की व्यवस्था राजेश यादव करता था। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • भाव-अर्पण कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का संगम, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर

    भाव-अर्पण कार्यक्रम में भक्ति और संगीत का संगम, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर

    संतकबीरनगर में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें अवतरण दिवस पर ‘भाव-अर्पण’ आध्यात्मिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, योग और ध्यान के माध्यम से तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत के बीच गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। आयोजन में जिले के बड़ी संख्या में साधक, महिलाएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

  • संतकबीरनगर: जमीन को लेकर मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

    संतकबीरनगर: जमीन को लेकर मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

    संतकबीरनगर के मगहर इलाके में जमीन को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर तेलीटोला मोहल्ले में कुछ लोगों पर देर रात घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़िता सुनैना, पत्नी दिनेश, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 मई की रात लगभग 12 बजे गांव के संजय, विपिन और गौरी कथित रूप से छत के रास्ते उनके घर में दाखिल हुए। आरोप है कि तीनों ने जमीन के विवाद को लेकर पहले गाली-गलौज की और फिर दिनेश पर लाठी-डंडों तथा ईंट से हमला कर दिया।

    परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो पुत्र सोनू और मोनू को भी मारपीट का सामना करना पड़ा। घटना में दिनेश और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में चोट आई है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला शांत हो सका।

    पीड़ित परिवार का आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी भी देकर गए। सभी घायलों को इलाज के लिए संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दूबे के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

  • खलीलाबाद  में बुलियन और गोल्ड बार बिक्री पर लगी रोक, सर्राफा एसोसिएशन का निर्णय

    खलीलाबाद में बुलियन और गोल्ड बार बिक्री पर लगी रोक, सर्राफा एसोसिएशन का निर्णय

    संतकबीरनगर के खलीलाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सर्राफा एसोसिएशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब दुकानों पर केवल निर्मित आभूषणों की बिक्री की जाएगी, जबकि बुलियन और गोल्ड बार की बिक्री से दूरी बनाई जाएगी।

    जिलाधिकारी ने कहा कि देशहित में सोने के आयात को कम करना जरूरी है। वहीं सर्राफा व्यापारियों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि इस फैसले से स्थानीय स्वर्णकारों को रोजगार मिलेगा और बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी।

  • संतकबीरनगर में अनुदेशकों का सम्मान समारोह, बढ़ा मानदेय पाकर खिले चेहरे

    संतकबीरनगर में अनुदेशकों का सम्मान समारोह, बढ़ा मानदेय पाकर खिले चेहरे

    जनपद संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, Ankur Raj Tiwari, Anil Kumar Tripathi, Ganesh Chandra Chauhan तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की मौजूदगी में अनुदेशकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।

    समारोह में जनपद के 215 अनुदेशकों को ₹17 हजार का प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने इसे प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय बताते हुए कहा कि इससे हजारों परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुदेशकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनका मानदेय बढ़ाकर बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, शिक्षकों और जरूरतमंदों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

    विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका समाज और राष्ट्र निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान ने प्रदेश में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों और विद्यालयों में बढ़ी सुविधाओं का उल्लेख किया।

    मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने सभी शिक्षकों से निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि एक शिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम होती है।

    कार्यक्रम का संचालन व्यायाम शिक्षक इंद्रेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज खलीलाबाद की प्राचार्या डॉ. सबीहा मुमताज, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित कई अधिकारी, शिक्षक और अनुदेशक उपस्थित रहे।

  • खलीलाबाद में लगा मेगा विद्युत कैम्प, 53 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

    खलीलाबाद में लगा मेगा विद्युत कैम्प, 53 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

    संतकबीरनगर। विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को खलीलाबाद ब्लॉक सभागार में मेगा विद्युत कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प में उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

    कैम्प के दौरान नया विद्युत कनेक्शन, बिजली बिल संशोधन, बकाया समायोजन, लोड वृद्धि, मीटर जांच व परिवर्तन तथा नाम एवं पता संशोधन से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।

    विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार कैम्प में कुल 64 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 42 बिल संशोधन, 3 नए विद्युत कनेक्शन, 7 भार वृद्धि और 12 मीटर संबंधी शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 53 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    इसके अलावा कैम्प में 30 उपभोक्ताओं द्वारा कुल 2.64 लाख रुपये का भुगतान भी किया गया। कार्यक्रम में विद्युत वितरण मण्डल संतकबीरनगर एवं विद्युत वितरण खण्ड खलीलाबाद के अधिकारियों समेत विभिन्न उपखण्डों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

    विद्युत विभाग ने जानकारी दी कि 15 मई से 22 मई 2026 तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मेगा विद्युत कैम्प आयोजित किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को बिजली सेवाओं के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े